
हल्द्वानी में गूंजा बाल कवियों का स्वर, ‘काव्यांजलि महोत्सव’ में समसामयिक मुद्दों पर छाई रचनाएं
हल्द्वानी। साहित्य और रचनात्मकता के रंगों से सजे ‘काव्यांजलि महोत्सव’ का आयोजन एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरफनमौला साहित्यिक संस्था द्वारा किया गया, जिसमें नगर और आसपास के करीब 14 विद्यालयों के 90 से अधिक बाल कवियों ने प्रतिभाग किया। बच्चों की कविताओं ने न केवल श्रोताओं का मनोरंजन किया, बल्कि समसामयिक मुद्दों पर गंभीर संदेश भी दिए। इस अवसर पर लगातार उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों के लिए ग्रीनवूड्स ग्लोबल स्कूल की प्रियांशी नेगी, इम्पीरियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हर्षिता सनवाल, लक्ष इंटरनेशनल स्कूल के महावीर सिंह दानू, वुडलैंड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की उषा मेलकानी तथा एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की इशिता पाठक को ‘मदन सिंह मेहता मेमोरियल सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एवरग्रीन स्कूल के चेयरमैन गौरव पाठक, डायरेक्टर सौरभ पाठक, इम्पीरियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के डायरेक्टर कर्णवीर सिंह गंगोला, पाथ फाइंडर स्कूल के डायरेक्टर दीपक मनचंदा तथा जय अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल की कोऑर्डिनेटर गौरवी पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य बच्चों को संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाने का माध्यम है। हरफनमौला साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने कहा कि आज के बच्चे केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कविता और साहित्य के माध्यम से समाज के मुद्दों को भी समझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्था लगातार बच्चों को साहित्यिक मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में बाल कवियों ने ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतें, परीक्षा का दबाव और दसवीं के रिजल्ट जैसे विषयों पर व्यंग्य, हास्य और संवेदनशील कविताएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कई प्रस्तुतियों ने दर्शकों को हंसाया तो कई कविताओं ने सोचने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान युवा कवयित्री गायत्री जोशी ने नारी सशक्तिकरण पर रौद्र रस की प्रभावशाली कविता सुनाकर समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा।
