September 09, 2025 0Comment

काव्य कुम्भ में बही कविताओं की रसधार


शेमफोर्ड स्कूल में काव्य कुम्भ-2025 का भव्य आयोजन
हल्द्वानी : शेमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को हरफनमौला साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में काव्य कुम्भ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की चेयरपर्सन ऋचा बिष्ट, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर एकेडमिक अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडे, आनंदा स्कूल के डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह बिष्ट एवं हरफनमौला साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। काव्य कुम्भ में विभिन्न विद्यालयों के 50 से अधिक बाल कवियों ने अपनी स्वरचित कविताओं से सभी श्रोताओं का खूब मन मोहा। बाल कवियों द्वारा वीर, हास्य, शृंगार एवं करुण रस से भरी रचनाएं प्रस्तुत की गईं। बच्चों ने मां, बेटियों, सैनिकों, पहलगाम हमले, हमारा भारत देश महान, महाकुंभ, छत्रपति शिवाजी, प्रकृति, प्राकृतिक आपदाओं, फलों, विद्यार्थी जीवन, सोशल मीडिया आदि पर स्वरचित कविताएं सुनाकर श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।

प्रधानाचार्या संतोष पांडे ने सभी प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कविताओं की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है जो बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायक है। काव्य कुम्भ में लेक्स इंटरनेशनल, द आनंदा एकेडमी, द ओरियन स्टार्स स्कूल, केवी कॉन्वेन्ट स्कूल, सनबीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट ल्यूक्स स्कूल, द मास्टर्स स्कूल के बाल कवियों ने प्रतिभाग किया। एकडेमिक डायरेक्टर अंजू भट्ट ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में कविताओं के लेखन एवं वाचन की प्रेरणा देना है तथा साहित्य के प्रति रुचि पैदा करना है।

आनंदा स्कूल के डायरेक्टर भूपेंद्र बिष्ट ने कहा कि काव्य कुम्भ कविताओं के माध्यम से छात्रों में राष्ट्रभक्ति, धर्म, महिलाओं के प्रति सम्मान करने की भावना को जागृत करने का एक मंच है, जिससे सकल समाज में यह भावनायें प्रसारित हो सकें। गौरव त्रिपाठी ने बच्चों को काव्य पाठ का विषय चुनने, उसके प्रस्तुतीकरण, लयबद्धता एवं अपनी भावनाओं को श्रोताओं तक कैसे पहुंचाया जाय संबंधी टिप्स दिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

Social Share

gtripathi

Write a Reply or Comment