
मनीष पांडे, कुनाल भट्ट, उन्नति बिष्ट, स्नेहा, अदिति रहे प्रथम स्थान पर
हल्द्वानी। हरफनमौला साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में लामाचौड़ स्थित स्वस्त्यन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को बाल कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने बोर्ड एक्जाम पर हास्य कविता सुनाकर सबको लोटपोट कर दिया। इसके साथ ही मां, ऑपरेशन सिंदूर, बेटी बचाओ, पर्यावरण आदि विषयों पर उत्कृष्ट कविताएं प्रस्तुत कीं।

इस दौरान मनीष पांडे, कुनाल भट्ट, उन्नति बिष्ट, स्नेहा, अदिति ने उत्कृष्ट कविता प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया। कीर्ति शर्मा, कोमल मेहरा, रत्नप्रिया शाही, प्रत्यक्ष पटवाल, अनुष्का सिंह द्वितीय स्थान पर रहे। ओम कोठारी, इशांक सिंह गैड़ा, मनमोहन, रीतू कन्याल, कार्तिक जोशी तृतीय स्थान पर रहे।

इस दौरान हरफनमौला साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध हास्य कवि गौरव त्रिपाठी ने बच्चों को बेहतर कविता लिखने और मंच पर प्रस्तुत करने के गुर सिखाए। संस्था की ओर से कवि सम्मेलन में विजेता बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती रजनीकांता बिष्ट जी ने सभी बच्चों को अधिक से अधिक स्वरचित कविताएं लिखने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर वाइस प्रिंसिपल श्रीमती लवी शर्मा, शिक्षिका ज्योति शर्मा सभी शिक्षक मौजूद रहे।
