हरफनमौला समाचार, हल्द्वानी। डीएवी पब्लिक स्कूल में हरफनमौला साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हिंदी साहित्य के मूर्धन्य साहित्यकार श्री राज शेखर पंत, संस्था के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध हास्य कवि गौरव त्रिपाठी और विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अमित जोशी ने दीप प्रज्वलित करके किया। प्रधानाचार्य ने पुष्प गुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया।
तत्पश्चात विद्यार्थियों ने जी20 विषय पर स्वरचित कविताओं से समा बांधा। काव्य पाठ प्रतियोगिता में कक्षा 8 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में प्रथम स्थान अविनाश प्रकाश, आरोही पंत, दिशा उपाध्याय, प्रज्ज्वल दुर्गापाल, आरोही पंत ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान निलय डालाकोटी, दक्ष आर्य, गर्वित जोशी, दिव्यांश जोशी, मनस्वी उपाध्याय ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान राजेश्वरी नयाल, लक्ष्य पंत, माधवी पांडेय, रिया भंडारी ने प्राप्त किया।
अंत में गौरव त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की कविता की समीक्षा कर साहित्यिक रसों के ज्ञान से अवगत कराया।
चंद्रशेखर पंत ने विद्यार्थियों को अच्छी कविता लिखने के गुर सिखाये। कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ शिक्षिका मुन्नी पंत ने राजशेखर पंत जी की कविताएं सुनाकर विद्यार्थियों को उत्साहित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने आशीर्वचनों से बाल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।