November 26, 2025 0Comment

बाल कवियों के ‘शरद शब्दोत्सव’ में प्रासंगिक विषयों की गूंज

दिल्ली पब्लिक स्कूल में हरफनमौला साहित्यिक संस्था का आयोजन

हल्द्वानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल और हरफनमौला साहित्यिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को शहर में ‘शरद शब्दोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस साहित्यिक संगम में पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लगभग 12 स्कूलों के 65 से अधिक बाल कवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता से समां बांध दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ डीपीएस के चेयरमैन भूमेश अग्रवाल, प्रधानाचार्या रंजना शाही, एलीवेट ग्लोबल स्कूल रुद्रपुर के चेयरमैन परमजीत सिंह सलूजा, डायरेक्टर गगनप्रीत कौर, इलाईट पब्लिक स्कूल गौलापार के प्रबंधक उमेश चुफाल, स्वस्त्यन स्कूल की प्रधानाचार्या लवी शर्मा, हरफनमौला के अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन करके किया।
इस उत्सव की सबसे खास बात यह रही कि बाल कवियों ने केवल पारंपरिक विषयों तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने दिल्ली बम विस्फोट, देश की गौरवशाली महिला क्रिकेट टीम, और हाल ही में हुई घराली-थराली आपदा जैसे ज्वलंत तथा प्रासंगिक सामाजिक-राष्ट्रीय विषयों पर कविताएं सुनाकर सभी श्रोताओं और अतिथियों को आश्चर्यचकित कर दिया। बच्चों की इन गहरी और विचारोत्तेजक प्रस्तुतियों ने उनकी जागरूकता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। आयोजकों ने बच्चों के इस प्रतिभा संगम को प्रोत्साहित करते हुए इसे साहित्य और समाज के लिए एक शुभ संकेत बताया। इस मौके पर आरती फुलेरिया, ज्योति शर्मा, पंकज कंसल आदि शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

Social Share

gtripathi

Write a Reply or Comment